शुक्रवार, 30 मार्च 2018

बिहार का नारदी गायन

(नागपुर विश्वविद्यालय के 'रेनबो' जर्नल में प्रकाशित आलेख)

भारतवर्ष का बिहार राज्य प्राचीन काल से ही ज्ञान-विज्ञान के साथ-साथ सांस्कृतिक रूप से भी बहुत ही उन्नत प्रदेश रहा है। वहाँ लगभग सभी कलारूपों की लोक व शास्त्रीय शैलियाँ प्रचलित रही हैं। ‘नारदी गायन’ उन्हीं में से एक है। गायन की इस विशिष्ट लोक शैली में मृदंग और ताल वाद्य झांझ के साथ भक्ति एवं धार्मिक पद तथा विषय-कीर्तन गाया जाता है। गेय पदों में देवी-देवताओं की स्तुति, भजन, सोहर, समदाउन[1] और निर्गुण होते हैं। विषय-कीर्तन में भगवान श्रीकृष्ण के आख्यानों की प्रधानता होती है लेकिन द्रौपदी चीरहरण, लक्षमण शक्ति, सीता वनवास, भक्त प्रहलाद, ध्रुव आदि के भी आख्यान सुनाए जाते हैं। यह गायन खासकर चौपहरा या अठपहरा पूजा के अवसर पर आयोजित होता है।

बिहार में चौपहरा या अठपहरा पूजा भगवान श्रीकृष्ण की विशेष पूजा होती है। लगभग तीन घंटे का एक पहर होता है। इसलिए चौपहरा पूजा बारह घंटे यानि कि सिर्फ एक दिन या सिर्फ एक रात तक चलती है। जबकि अठहरा पूजा चौबीस घंटे, एक दिन और रात, तक लगातार चलती है। कहीं-कहीं एक पहरा पूजा का भी आयोजन होता है। इस पूजा में भक्तगण भगवान का आसन और मंडप बहुत सुन्दर ढंग से सजाते हैं। मिथिलांचल में इसे ‘धाम लगाना’ कहा जाता है तो अंगक्षेत्र (भागलपुर) में ‘कुंज सजाना’। चूंकि यह पूजा भगवान श्रीकृष्ण की होती है और नारदी गायन में उन्हीं के आख्यानों की प्रधानता होती है। संभव है, इसलिए इस पूजा के अवसर पर नारदी गाने की परंपरा चल पड़ी।      

गायन या कीर्तन की इस शैली का प्रचलन बिहार के पूर्वी भाग में है। बिहार के इस भाग में, गंगा के उत्तर में मिथिलांचल और दक्षिण में अंगिका क्षेत्र है। पुराने समय से ही मिथिलांचल में यह किसी भी शुभ अवसर जैसे- मुंडन, उपनयन, चौपहरा पूजा, अठपहरा पूजा आदि के अवसर पर गाया जाता है। वहां लोग नारदी करवाने की मन्नत भी रखते हैं और मनोकामना पूर्ण होने पर इसका आयोजन करते हैं। साधारणतः ऐसे मन्नत पुत्रप्राप्ति की इच्छा से जुड़ी होती है। मिथिलांचल के विपरीत गंगा के दक्षिण, अंग प्रदेश में, श्राद्ध के अंतिम दिन यानि तेरहवीं को नारदी गाया जाता है। इधर किसी भी शुभ अवसर पर नारदी गाने की प्रथा नहीं है। यहाँ के नारदी गायन में निर्गुण विशेष रूप से गाया जाता है। अन्य सब कुछ मिथिलांचल का नारदी जैसा ही होता है। गंगा के उत्तर और दक्षिण में एक ही गायन शैली को बिलकुल विपरीत अवसर पर आयोजित करने की परंपरा क्यों चल पड़ी? लोगों को इसका कारण ज्ञात नहीं है। मंडली चलाने वाले लोग भी ठोस उत्तर नहीं दे पाते हैं। इस अंतर का कारण जो भी हो, दोनों क्षेत्रों में नारदी के आयोजन के मूल में शुभ, समृद्धि और शांति की कामना ही होती है। अपने इसी आनुष्ठानिक महत्व के चलते बिहार के पूर्वी क्षेत्र में आज भी नारदी गायन आयोजित होता है। कहा जाता है कि ‘पीढ़ियों पहले गोपघाट, भागलपुर के ‘माही बाबा’ इस कला को लेकर बिहार आये थे’।[2] धीरे-धीरे इसकी बहुत सारी व्यावसायिक मंडलियाँ बन गईं । लेकिन बदलते दौर में मंडलियों की संख्यां लगातार घटती जा रही है। वर्तमान समय में कुछ ही मंडलियाँ शेष रह गई हैं।

 नारदी गायन की उत्पत्ति के विषय में जन समुदाय के बीच एक नहीं कई मत हैं। पहले मतानुसार, मृदंग इन्द्रासन (देवलोक) में था। द्वापर युग में रासलीला के समय देवर्षि नारद इसे मृत्युलोक में लाए और बताया कि यह वाद्य जहाँ भी बजेगा वहाँ सुख शांति और समृद्धि आएगी। यह माना जाता है कि इस शैली की शुरुआत और प्रचार-प्रसार द्वापर युग में नारदजी ने की। इसलिए इसे ‘नारदी’ कहा जाता है। बाद में जिस भक्तिपूर्ण गायन में मुख्यतः मृदंग बजाया जाता था उसे ‘नारदी’ भजन कहा जाने लगा।

मृदंग को सुख प्रदान करनेवाली होने की धरणा को भरत विरचित नाट्यशास्त्र भी बल प्रदान करता है। स्वयं महर्षि भरत ने चौतीसवें अध्याय में एक स्थान पर कहा है, “सुख प्रदान करनेवाली – मांगलिक होने के कारण इसे मृदंग कहते हैं”[3]।

दूसरे मतानुसार, इस शैली में गायक स्वर नाद से निकालते हुए बहुत ऊंचाई पर जाता है। इसलिए इसे नारदी कहा जाता है। लेकिन अगर नारदी शब्द नाद से सम्बंधित है तो इसे ‘नादी’ होना चाहिए। किसी भी भाषा के शब्दों का स्वरुप लम्बे कालखंडों से गुजरकर जिस प्रकार बनता-बिगड़ता है, इस पर विचार करने से यह बात अतार्किक नहीं लगती है कि हो सकता है इस गायन शैली का नाम नादी रहा हो जो बाद में बिगड़कर नारदी हो गया।

राधा-कृष्ण विषयक आख्यानों की प्रधानता, तीव्र स्वर में गाते हुए और नाचते हुए मंडलकार घूमना, मृदंग और झांझ जैसे वाद्यों का उपयोग आदि बातों से नारदी गायन का जो स्वरुप बनता है उसकी तुलना जब भारत के अन्य क्षेत्रों की कीर्तन शैली से की जाती है तो इस पर बंगाल के ‘नवद्वीपीय कीर्तन’ का स्पष्ट प्रभाव दिखाई पड़ता है। मध्यकाल में लोकप्रियता के शिखर पर पंहुचा ‘नवद्वीपीय कीर्तन’ में भक्त ढोलक, मृदंग, झाल, मंझीरा लेकर, मंडलाकार घूमते हुए ऊँचे स्वर में गाते-नाचते बेसुध हो जाते थे। कहा जाता है- “इस शैली के उद्भावक चैतन्य महाप्रभु जब भजन गाते थे तो ऐसा लगता था मानो वे ईश्वर का आह्वान कर रहे हों”[4]। यह बात उस कीर्तन शैली में स्वर की तीव्रता की और संकेत करती है। स्वर की तीव्रता नारदी गायन की भी विशेषता है। नवद्वीपीय कीर्तन के प्रभाव से ही बिहार में कीर्तनिया नाच की शुरुआत हुई थी। अधिकांश विद्वान नारदी को कीर्तनिया का ही एक रूप मानते हैं।[5]  विद्वानों का यह मत हमें बताता है कि नारदी गायन की शुरुआत मध्यकाल में हुई थी।

भारत में प्राचीन काल में विकसित लगभग सभी कलाओं की उत्पत्ति का सम्बन्ध किसी-न-किसी देवी-देवता और आदिपुरुषों से जुड़े आख्यानों से होता है। उदाहरणस्वरूप नाट्यकला, संगीत, चित्रकला आदि। लेकिन जब विभिन्न स्रोतों से उस कला का प्रमाणिक इतिहास की जानकारी मिलती है; समाज में उसकी स्थिति एवं उसके गुण-दोषों का तार्किक और वैज्ञानिक विश्लेषण किया जाता है; तब उसकी उत्पत्ति के मानवीय कारणों का पता चलता है। इस प्रकार उस कला की उत्पत्ति के दो मत होते हैं, दैवी मत और मानवी मत। कई बार दैवी मत लचर होने के कारण कहानी मात्र प्रतीत होता है तो कई बार हम चाहकर भी उसकी उपेक्षा नहीं कर पाते हैं क्योंकि वह कला के वर्त्तमान स्वरूप के साथ सटीक बैठ रहा होता है। लेकिन सिर्फ साहित्यिक स्रोतों या श्रुति परंपरा के आधार पर उसे पूर्णतः सत्य भी नहीं मान सकते। इसलिए हमें दोनों मतों को मानना होता है। खासकर आनुष्ठानिक कलाएँ तो स्वभावतः दैवी मत से जुड़ ही जाती हैं। नारदी गायन भी आनुष्ठानिक कला है। इसलिए बिना उलझे हमें दोनों प्रकार के मतों पर विचार करना ही उचित लगता है। उपरोक्त मतों पर विचार करने पर हम पाते हैं कि अन्य बातों की सत्यता चाहे जो हो पर एक बात निस्संदेह कही जा सकती है कि ‘नारदी गायन’ बहुत पुरानी लोककला है।

नारदी की मंडली में कम-से-कम पांच-छह और अधिक-से-अधिक पंद्रह-सोलह कलाकार होते हैं। सभी कलाकार पुरुष ही होते हैं। निर्धारित दिन, समय से, सभी कलाकार अपने वाद्ययंत्र - मृदंग, झांझ और हारमोनियम लेकर आयोजक के यहाँ पहुंचते हैं। नारदी गायन में मृदंग मुख्य वाद्य होता है। यह एक अवनद्ध[6] वाद्य है। इसे उत्तर भारत में पखावज[7] भी कहा जाता है। आयोजन स्थल पर सारे कलाकार गायन के लिए मंडलाकार बैठ जाते हैं और साज मिलाते हैं। पूजा शुरू होने के समय कलाकार खड़े हो जाते हैं और वाद्य-वादन शुरू करते हैं। सामान्यतः महंत[8] मृदंग बजाता है। वह सबसे ज्यादा अनुभवी व्यक्ति होता है। एक कलाकार हारमोनियम बजाता है। तीन-चार झाल[9] बजाने वाले होते हैं। अगर मंडली में कलाकारों की संख्यां अधिक हो तो मृदंग वादक और झालौतों[10] की संख्यां अधिक भी होती है।

सबसे पहले मृदंग वादक कोई साधारण बोल बजाना शुरू करता है। जैसे

  धिधिग धिन ता तत तत गद गन धा।

ऐसा बोल तीन बार बजाया जाता है। इस बीच अन्य वादक और कलाकार पूरी तरह से तैयार हो जाते हैं। फिर ‘सम’[11] बजाने की शुरुआत होती है। पहले उठान लेते हैं। इसके लिए कई मात्राएँ, जैसे- दस मात्रा, बारह मात्रा, सोलह मात्रा आदि बजायी जाती हैं। जैसा मृदंग का बोल होता है झाल भी उसी अनुरूप बजाया जाता है। उसी तरह हारमोनियम वादक भी संगत शुरू कर देता है। इसी तरह आगे बढ़ते हैं। पूरा वादक दल कभी स्थिर रहकर झूमते हुए तो कभी मंडलाकार नाचते-थिरकते हुए वाद्य बजाता है। गायन-वादन न सिर्फ खड़े रहकर बल्कि बैठकर भी किया जाता है।

नारदी गायन में समबाजी के दो उद्देश्य होते हैं। पहला, पूर्वरंग की भांति दर्शकों को इकठ्ठा करना और दूसरा, कलाकारों का अपनी कला-विज्ञता प्रदर्शित करना। क्योंकि गायन शुरू हो जाने पर उन्हें यह अवसर नहीं मिलता है। एक गीत में एक ही तरह का ठेका बजाना उनकी मजबूरी होती है जबकि समबाजी के समय वे वादन में हर तरह का प्रयोग कर पाते हैं। जैसे मृदंग पर सम, विषम और मिश्र तीनों तरह के प्रचार[12] करना आदि। कुछ विज्ञ दर्शकों का कहना है, समबाजी में जब कलाकार पूरे भावावेश में आ जाते हैं और दो कलाकारों की युगलबंदी होती है तो दृश्य पश्चिमी ‘जैज’[13] जैसा लगने लगता है।

समबाजी के बाद गायक गायन शुरू करते हैं। गायन में अलाप लेते हुए, रामा हो रामा...और...कि...यो...जैसे शब्दों का टेक लेकर गाते हैं। कई बार टेक नहीं लेकर पंक्तियों को ही बार-बार दुहराया जाता है। पुराने समय में गायक गायन के लिए धीमा उठान लेकर गहरा अलाप लेते हुए चौगुन पर पहुंचते थे। जैसे-जैसे मृदंग पर हथेली और उँगलियों की गति तेज होती जाती थी उसी तरह स्वर भी उत्तरोतर तीव्र होता जाता था। जब स्वर की तीव्रता चरम पर होती थी तो आवाज़ कई किलोमीटर दूर तक पहुँच जाती थी। अब वह चलन लगभग समाप्त हो गया है। क्योंकि पुराने ज़माने में बजाये जानेवाले मृदंग के कठिन बोलों की जगह, अपेक्षाकृत आसान ठेके ने ले लिया है। अब उतने कठिन बोल बजाने वाले कलाकार भी नहीं के बराबर रह गए हैं और नई पीढ़ी वैसा गायन पसंद भी नहीं करती है।

गायन में सबसे पहले गणेश या शक्ति की वंदना की जाती है। फिर कृष्ण सहित अन्य देवताओं के भजन गाये जाते हैं। उसके बाद कृष्ण के जन्म से सम्बंधित सोहर गाया जाता है। तत्पश्चात भगवान कृष्ण से सम्बंधित आख्यान शुरू होता है और फिर अलग-अलग तरह के आख्यान गाए जाते हैं। वे आख्यान, राजा हरिश्चंद्र, ध्रुव, प्रह्लाद, मोरध्वज, भक्तमाल, सूरदास, द्रौपदी चीरहरण, राम वनवास, सीता वनवास, सुदामा आदि के होते हैं। भागलपुर क्षेत्र में दर्शकों की मांग पर कुछ अन्य धार्मिक-सामाजिक मिथकीय आख्यानों को भी सुनाया जाता है। जैसे- सती नागचम्पा, शंकर-सुशीला, सीत-वसंत आदि। ऐसे आख्यान नारदी गायन की दूसरी पाली में होते हैं। आख्यान गायन में मुख्य व्यक्ति जो मूलगैन[14] या महंत होता है, आख्यान कहना शुरू करता है। बीच-बीच में उससे संबंधित पद गाता है। झालौते और अन्य गायक पीछे-पीछे पद को दुहराते चलते हैं। नारदी गायन में गाये जानेवाले पदों, गीतों और आख्यानों की भाषा को जानकर इसके भाषाई स्वरूप का भान होता है। इसमें रामचरित मानस के दोहे और चौपाई गाए जाते हैं। जैसे-

कर्म प्रधान विश्व करि राखा।

जे जस करइ से तस फल चाखा।।

मंगल भवन अमंगल हारी।

द्रवहु सु दसरथ अजिर बिहारी।।

स्पष्ट है कि इसकी भाषा अवधी होती है।

कुछ मंडलियाँ, जैसे- पपौर (बेगूसराय) के रामसागर पंडित की मंडली, अगर रामायण का कोई प्रसंग सुनाती है तो छंद, दोहा और चौपाई तो रामचरित मानस से लेती है लेकिन अन्य पद राधेश्याम रामायण[15] से लेती है। जैसे-

खुली जभी योगेश की, वह समाधि अविराम।
मुख से निकला शब्द यह-‘जय मायापति राम’।।
गिरी गिरिसुता चरण में, तभी जोड़कर हाथ।
पूर्व जन्म की यादकर, बोल उठीं-‘हे नाथ’।।[16]

गाने में आसान ये पद कवित्त शैली में लिखे गये खड़ी बोली के हैं।

निर्गुण के अधिकांश पद कबीर के, रामानंद के, और पल्टूदास रचित होते हैं। जैसे-

कवने ठगवा नगरिया लूटल हो...

या

सुनो रे आलि बलमा को ले गए थानेदार...

इत्यादि। कबीर की कोई निश्चित भाषा नहीं है इसलिए उनकी भाषा को ‘सधुक्कड़ी’ भाषा कहा जाता है। रामानंद और पल्टूदास के पदों पर भी उनकी अपनी छाप रहती है।

माखन चोरी, दधिलीला, चीर चोरी, वियोग श्रृंगार आदि में, लोककंठ में बसने वाले लोकगीत, स्थानीय लोकभाषा, मैथिली और अंगिका बोली में गाये जाते हैं। जैसे-

खा गइले हे राते मोहन दहिया...

या

एक दिन गेली राधा जमुना किनारे हे कदमतर

करे असनान चीर धेलन उतार हे कदमतर...

या

कोने कारण भगवन गोकुलगृह तेजलन ए उधो...

अन्य पद सोहर, समदाउन, भजन और निर्गुण आदि भी स्थनीय बोली में गाये जाते हैं। जैसे –

ललना रे एही पार देवकी नहाय कि वही पार जशोमती रे...

या

सात रे भैया के दुलरी बहिनियाँ चलली अपन ससुरार...

उपरोक्त बातों के अतिरिक्त कथा प्रसंगों में कलाकार अपनी बोलचाल की भाषा और खड़ीबोली हिंदी का इस्तेमाल करते हैं। कुछ मंडलियों के अनुभवी और थोड़े पढ़े-लिखे गायक संस्कृत के श्लोक भी गाते हैं। इन सब तथ्यों के आधार पर यह आसानी से कहा जा सकता है कि नारदी गायन की कोई एक परिष्कृत भाषा नहीं है। बोलचाल में इसे मिलीजुली या खिचड़ी भाषा कहा जा सकता है। लेकिन ऐसी ही भाषा में गाए गए पदों की मार्मिकता इतनी अधिक होती है कि श्रोता सहज ही रोमांचित हो उठते हैं। खासकर निर्गुण गायन के समय उनकी आँखों से अश्रुपात तो सामान्य बात है।

अंग क्षेत्र में श्राद्ध के अंतिम दिन जब कर्म समाप्ति की ओर बढ़ रहा होता है तब गायन की शुरुआत होती है। वंदना आदि के बाद निर्गुण गाने की शुरुआत होती है। निर्गुण के बाद आख्यानों का दौर शुरू होता है। भागलपुर में नारदी गायन अनिवार्यतः एक दिन-रात का होता है। इसलिए यह दो पाली में गाई जाती है। पहली पाली में दिन ढले गायन शुरू होता है और देर रात तक समाप्त हो जात है। फिर दूसरे दिन सुबह से दूसरी पाली की शुरुआत होती है। मिथिलांचल में चौबीस घंटे की अनिवार्यता नहीं होती है। अगर होती भी है तो रात में पहली पाली ख़त्म करके दूसरी पाली सुबह नौ दस बजे से शुरू होती है जो दिन के दो-तीन बजे तक ख़त्म हो जाती है। दूसरी पाली में भी गायन से शुरू करके कृष्ण की गोप लीला, बाल लीला, दधि लीला आदि आख्यानों को सुनाते हुए समदाउन गाकर ख़त्म किया जाता है। अंग क्षेत्र में भी ऐसा ही होता था। लेकिन अब दधिलीला दिखाई जाने लगी है। क्योंकि वर्तमान समय में नारदी गायन में नृत्य और नाट्य का प्रवेश हो गया है। मिथिलांचल में थोड़ा कम जबकि अंगक्षेत्र में नारदी का स्वरूप अब पूरी तरह से बदलकर नृत्य-नाट्यात्मक हो गया है। मिथिलांचल में बेगुसराय जिले के खोदावंदपुर में ‘सतभैया मंडली’ एक मात्र ऐसी मंडली है जो नारदी गायन को मूल रूप में बचाए रखने के लिए संघर्ष कर रही है। जबकि अन्य सभी मंडलियों में ‘नारदी’ का स्वरूप अंशतः या पूर्णतः बदल चुका है।

नारदी का स्वरूप बिगाड़ने में कलाकारों की अपेक्षा जनरूचि का ही दोष है। नए दौर में, लोगों में आध्यात्मिकता द्रुत गति से ख़त्म होती जा रही है। नई पीढ़ी पर भौतिकता इस तरह हावी हो गई है कि वह नारदी जैसे भक्तिपूर्ण कला में भी मनोरंजन और उत्तेजना के क्षण तलाशने लगी है। हरिदासपुर (भागलपुर) की मंडली के महंत चंदरदास ने कहा, हद तो तब हो जाती है जब लोग धार्मिक प्रसंगों के बीच में भी नर्तकों से भोजपुरी गीत गाकर नाचने की फरमाइश कर देते हैं। अस्तित्व रक्षा के लिए संघर्षरत कलाकार दर्शकों की जायज़-नाजायज़ मांगें पूरी करने के लिए विवश हैं। किसी भी तरह की राजनैतिक सहायता-संरक्षण प्राप्त नहीं होने से नारदी गायन का शुद्ध रूप तो इतिहास बनने के कगार पर पहुँच ही गया है। बदले हुए स्वरूप को भी लगातार घटते सामाजिक संरक्षण के भरोसे गरीब किसान और खेतिहर मजदूर वर्ग से आनेवाले कलाकार कब तक बचा सकेंगे, यह आसानी से समझा जा सकता है।

प्रस्तुति

कृष्ण मोहन

शोध छात्र ( एम॰फिल॰)

 प्रदर्शनकारी कला (फिल्म और नाटक) विभाग

म॰ गां॰ अ॰ हिन्दी विश्वविद्यालय, वर्धा, महाराष्ट्र ।

संदर्भ :

 पुस्तक :

1.       (डॉ) उषा वर्मा, लोकरंग : बिहार,  डी॰ एस॰ बुक्स डिस्ट्रीब्यूटर, पटना – 800006, पृ॰

2.       (डॉ) लालमणि मिश्र, भारतीय संगीत वाद्य, भारतीय ज्ञानपीठ, दिल्ली-110032, पृ॰

आलेख :                                         

1.      नारदी विषय-कीर्तन, इप्टा पटना।

इंटरनेट :




[1] समदाउन, मिथिलांचल और अंगक्षेत्र में विदाई के समय गया जानेवाला कारुणिक गीत है।
[2] आलेख, नारदी विषय-कीर्तन, इप्टा पटना, पृष्ठ-1।
[3] भारतीय संगीत वाद्य, पृष्ठ-189।
[4]  लोकरंग : बिहार, पृष्ठ-68 ।
[5] लोकरंग : बिहार, पृष्ठ-68 ।
[6] चमड़े से मढ़े मुख वाले वाद्य।
[7] भारतीय संगीत वाद्य, पृष्ठ-205।
[8] नारदी मंडली के प्रमुख को महंत कहा जाता है।
[9] झांझ को ग्रामीण अंचलों में झाल कहा जाता है।
[10] झाल वादक को झालौता कहा जाता है।
[11] गायन शुरू करने से पहले के वाद्य वादन को ‘सम’ बजाना कहते हैं।
[12]मृदंग पर हाथ के आघात के तरीके को प्रचार कहा जाता है ।
   द्रष्टव्य : भारतीय संगीर वाद्य, पृष्ठ-202 ।
[13] अमेरिकन संगीत
[14] पूर्वी बिहार में गायक दल के मुखिया को लोकभाषा में ‘मूलगैन’ कहा जाता है ।
[15] राधेश्याम कथावाचक विरचित रामायण है।
[16] hindi://www.eby.in/itm/HINDU-HOLY-RELIGIOUS-BOOK-RADHESHYAM-RAMAYAN
 

मंगलवार, 27 मार्च 2018

शेक्सपियर के नाटकों में प्रतिरोध (विशेष संदर्भ : त्रासदी-त्रयी, हैमलेट, ऑथेलो और मैकबेथ)

 

(आई.एस.टी.आर. सेमिनार 2018 में प्रस्तुत पत्र)
कृष्ण मोहन

8888033257


शेक्सपियर को आज तक विश्व का सबसे बड़ा नाटककार माना जाता है. उनका जन्म कब हुआ इस विषय में ‘द जीनियस ऑफ शेक्‍सपियर’ के लेखक ‘जॉनथन बेडे’ लिखते हैं, “शेक्सपियर के जीवन के प्रारम्भिक वर्षों की जानकारी ईसा मसीह के जीवन की तरह ही रहस्यों के गर्भ में है. इस लिए उस विषय में अनेक किवदंतियाँ चल पड़ीं.”[1] लेकिन उनके जन्मस्थान का स्थानीय रिकॉर्ड, जीवन में हुए छोटे-मोटे विवादों से संबंधित न्यायिक रिकॉर्ड, उन्होंने जिस नाटक कंपनी में काम किया था और मालिक बने थे, उससे संबंधित रिकॉर्ड के आधार पर उनके जीवन का सच जानने का प्रयास किया गया. इस आधार पर यह स्पष्ट हुआ है कि शेक्सपियर का जन्म शायद 24 अप्रैल 1564 को ब्रिटेन में वर्विकशायर के स्ट्रेटफोर्ड-ऑन-एवॉन में जॉन शेक्सपियर और मेरी आर्डन के घर हुआ था. वे अपने भाई-बहनों में तीसरे स्थान पर तथा प्रथम पुत्र थे. 18 वर्ष की उम्र में उनका विवाह उनसे कई साल बड़ी अन्ने हैथवे से हुआ.

पुनर्जागरण काल में हुए इस इंग्लिश नाटककार ने नाट्यजगत में हर स्तर पर प्रतिरोध को बुना. न केवल नाटकों में बल्कि उनके जीवन में भी प्रतिरोध का महत्वपूर्ण स्थान था. प्रतिरोध से भरा जीवन और उसके प्रति विशेष दृष्टिकोण ने ही शायद उन्हें अपने नाटकों में विभिन्न स्तर पर प्रतिरोध को गुनने-धुनने का माद्दा दिया. मध्यकाल के ब्रिटेन में भी आज की तरह खुलापन नहीं था. उस परिवेश में किसी परिवार का बड़ा लड़का अपने से उम्र में लगभग आठ साल बड़ी और पहले से ही गर्भवती लड़की से विवाह करे और यह बिना प्रतिरोध के हुआ हो, असंभव लगता है. थोड़ी सूक्ष्मता से विचार करें तो आज भी अपनी उम्र से बड़ी लड़की के साथ शारीरिक सम्बन्ध स्थापित करना मान्यताओं के प्रति शरीर और इच्छाओं का विद्रोह ही तो है, और कोई भी विद्रोह प्रतिरोध की ही परिणति होता है.

शेक्सपियर के जीवन से सम्बंधित जो कहानियां कही जाती हैं, उनसे पता चलता है कि किसान परिवार में जन्म और गरीबी के कारण शेक्सपियर को उच्च शिक्षा नहीं मिली पाई. हालाँकि उनके पिता स्थानीय सीनेट के सदस्य भी चुने गए थे, लेकिन कर्ज में डूबे होने के चलते गरीबी के शिकार हो गए. विवाह से पूर्व शेक्सपियर गाँव में अध्यापन करते थे.  विवाह के बाद उन पर एक जमींदार के खेत से हरिण चुराने का आरोप लगा. उनकी पत्नी नाराज हो गई और मुकदमे से बचने के लिए उन्हें लंदन भागना पड़ा. लंदन में उन्होंने नाटक कंपनी में घोड़ों की देखभाल से लेकर अभिनेता, नाटककार और कंपनी के मालिक तक बने. अतः यह कहा जा सकता है कि उनका व्यावसायिक जीवन भी प्रतिरोध और संयोग के मेल से ही निर्धारित हुआ था. व्यावसायिक जीवन में भी उन्हें लगातार प्रतिरोध का सामना करना पड़ा जिसमें उल्लेखनीय है रॉबर्ट ग्रीन की उनपर टिप्पणी. “yes trust them not : for there in an upstart crow, beautified with our feathers, that with his Tiger’s heart wrapped in a player’s hide, suppose he is well able to bombast out a blank verse as the best of you and, being an absolute Johannes fac totum, is in his own conceit the only shake-scene in a country”[2]. इस टिप्पणी से यह आभास होता है कि क्रिस्टोफर मार्लो, जॉर्ज पील, रॉबर्ट ग्रीन और थॉमस नैश जैसे विश्वविद्यालयी शिक्षाप्राप्त नाटककारों को पीछे छोड़ते हुए उनकी अपेक्षा मामूली शिक्षा प्राप्त शेक्सपियर का आगे बढ़ना स्वाभाविक ही प्रतिरोध का कारण बना होगा. यह अलग बात है कि किसी भी तरह के प्रतिरोध से निपटने में शेक्सपियर को कुशलता प्राप्त थी.

शेक्सपियर जिस समय नाटकों की रचना कर रहे थे वह समय विश्व इतिहास में पुनर्जागरण का काल था. पुनर्जागरण काल में, यूरोप में प्राचीन महान यूनानी और रोमन सभ्यता के आलोक में नाटक  लिखने का आग्रह था क्योंकि उससे पहले वहां नाट्य इतिहास में अंधकार युग था. अंधकार युग में नाटकों की,  रहस्यांकी, आचारंकी, बूथ थियेटर आदि की क्षीण परंपरा तो थी लेकिन कोई स्पष्ट और उत्कृष्ट परंपरा नहीं थी. पुनर्जागरण में कलाकारों ने सृजन की प्रेरणा के लिए जब अतीत में झाँका तो उन्हें  स्पष्ट रूप से यूनान और रोम की गौरवशाली परंपरा ही दिखाई पड़ी. इसलिए तब के नाटककार वैसा ही नाटक लिखने का प्रयास करने लगे जैसा उन सभ्यताओं में लिखा गया था. उन सभ्यताओं से प्रेरित होने के कारण उनकी रचनाओं में, उन सभ्‍यताओं की रचनात्मक विशेषताओं के साथ खामियां भी आ जाती थी. खामियां, उन प्राचीन सभ्‍यताओं की रचनात्‍मक रूढि़यों के रूप में थी. शेक्‍सपियर के पूववर्ती और समकालीन लगभग सभी नाटककार किसी न किसी रूप में प्राचीन युनानी और रोमन नाटकों की रूढ़ियों का पालन करते थे. इससे नाटक अच्‍छे तो होते थे लेकिन उसका प्रभाव सीमित हो जाता था. दर्शकों में एक उब सी पैदा होती थी. इन रूढ़ियों का उदहारण है − कोरस की योजना, त्रासदी का भाग्यवादी दृष्टिकोण और ‘संकलन-त्रय’[3] यानि थ्री-यूनिटी का अनुपालन आदि. संकलन-त्रय के चलते यूनानी नाटकों में एक समय में, एक स्थान पर, एक ही घटना दिखाई जाती थी. शेक्सपियर मंच के लिए नाटक लिखते थे और नाटक के शिल्प के चलते दर्शकों में उब पैदा हो, प्रतिरोध का आग्रही शेक्सपियर को यह पसंद नहीं था. इसलिए उन्होंने कथ्य और शिल्प, हर स्तर पर पूर्व धारणाओं और रूढ़ियों को तोड़ दिया. थ्री-यूनिटी को तोड़कर नाटकों को नए शिल्प में रचा. उनके नाटकों में थ्री-यूनिटी नहीं होने से कथानक की व्‍यापकता बढ़ गई, और उनकी लोकप्रियता भी.

शेक्सपियर ने अड़तीस नाटकों की रचना की लेकिन सिर्फ एक नाटक थ्री यूनिटी के अनुसार लिखा. क्योंकि परम्परावादियों ने उनपर आरोप लगाया कि वे थ्री-यूनिटी के अनुसार नाटक लिख ही नहीं सकते तो उन्होंने ‘द टेम्पेस्ट’ लिख कर  उनको जबाब दिया. यह एक तरह का व्यवहारिक प्रतिरोध ही था कि वे लिख तो हर तरह के नाटक सकते थे लेकिन लिखा वैसा ही जैसा उचित समझा. यह भी कहा जाता है कि शेक्सपियर ने मंच की संरचना के कारण नाटकों के शिल्प में बदलाव किया. यह बात अंशतः सही है पूर्णतः नहीं: क्योंकि किसी भी क्षेत्र में प्रतिरोध का मद्दा रखे बिना सिर्फ संसाधनों के बल पर व्यापक बदलाव नहीं आता है.

शिल्प के सन्दर्भ में हम संसाधनों की बात कर सकते हैं लेकिन कथ्य तो संसाधनों का मोहताज़ नहीं होता. शेक्सपियर ने ट्रेजेडी और कॉमेडी दोनों प्रकार के नाटक लिखे. उनके ट्रेजेडी नाटकों में नायक के पतन का कारण यूनानी नाटकों की तरह दुर्भाग्य या दैवी प्रकोप नहीं बल्कि उसके अपने कर्मों का फल होता है. परम्परा के विरोधी शेक्सपियर ने अपने नाटकों में जीवन की वास्तविकताओं को पकड़ने का प्रयास किया इसलिए नाटकों में जीवन के प्रति जो दृष्टि रखी वह नितांत त्रासद या कामद नहीं रही बल्कि उन्होंने त्रासद नाटकों में भी हर्ष और व्यंग के तथा कामदी नाटकों में भी विषाद के क्षणों की सृष्टि की जिससे नाटक जीवन के ज्यादा करीब हो गया. ऐसा कोई चरित्र नहीं बचा जो उनके नाटकों में ना आया हो. उन्होंने डायन और चुड़ैल जैसे सुपर नेचुरल चरित्रों की भी सृष्टि की क्योंकि तब के समाज में उनकी सत्ता की मान्यता थी पर वैज्ञानिकता की ओर उन्मुख उस समाज में भाग्य-अदृष्ट जैसी अवधारणाओं के प्रति लोगों का विश्वास घटता जा रहा था. इसलिए यूनानी नाटकों के उलट शेक्सपियर ने अपने नाटकों में त्रासदी की सृष्टि मानवीय भूल और कमजोरियों के आधार पर की.

कुछ बातें अवास्तविक होकर भी हमारे जीवन से गहरा सम्बन्ध रखती हैं, जैसे − स्वप्न और कल्पना. शेक्सपियर ने कथ्य के संयोजन में इसका भी ध्यान रखा. जब उनके नाटकों में जीवन इतना वास्तविक ढंग से दिखा तो प्रतिरोध दिखाना भी स्वाभाविक ही था क्योंकि प्रतिरोध जीवन का आवश्यक अंग होता है. चाहे या अनचाहे जीवन में प्रतिरोध तो घटता ही है, और नाटक जीवन ही को तो दिखता है.

नाटक में प्रतिरोध के कारण ही द्वन्द यानि कंफ्लिक्ट उत्पन्न होता है. कंफ्लिक्ट की योजना जितनी अच्छी होती है, नाटक भी उतना ही सुन्दर माना जाता है. शेक्सपियर के सभी नाटकों में द्वन्द की सुन्दर योजना हुई है. सिर्फ एक स्तर पर नहीं बल्कि बहुस्तरीय. अतः प्रतिरोध भी बहुस्तरीय दिखता है. कई चरित्रों का बाह्य  तथा आतंरिक प्रतिरोध भी हम आसानी से देख सकते हैं. बाहरी द्वन्द क्रिया-प्रतिक्रिया के माध्‍यम से दिखाना सामान्‍य बात है, लेकिन मानसिक संघर्ष को भी कार्य रूप में दिखाना बहुत ही विलक्षण बात है. शेक्‍सपियर ने अपने इस कौशल को बहुत ही सुंदर तरीके से कई नाटकों में दिखाया है. आतंरिक प्रतिरोध को बताने के लिए उन्होंने आत्मकथन यानि असाइड की भी योजना की है.

शेक्सपियर के त्रासदी नाटकों में प्रतिरोध तो समग्रता से दिखता ही है कामदी नाटकों में भी इसकी सम्यक योजना हुई है. ‘अ मिड समर नाइट्स ड्रीम’ में हेलेना पिता की मर्जी से शादी नहीं करती है और राजदंड से बचने के लिए प्रेमी के साथ जंगल में भाग जाती है. शेष घटना जंगल में ही घटती है. ट्वेल्थ नाईट में व्यूला राजकुमार अर्सिनो को प्रेम करती है लेकिन परिस्थितिवश पुरुष वेश में होती है और अपने स्त्रीत्व के प्रति प्रतिरोधी बनकर राजकुमार का प्रेम निवेदन रईसजादी ओलिविया तक पहुंचती रहती है. यहाँ प्रतिरोध आंतरिक है. एज यू लाइक इट में सीलिया अपने पिता का विरोध करती है और अपनी सहेली के साथ महल छोड़कर जंगल में चली जाती है. द मर्चेंट ऑफ़ वेनिस में पोर्शिया अपनी नौकरानी के साथ पुरुष वेश में कोर्ट जाती है और अपने पति के मित्र अंटोनियो को शायलॉक के चंगुल से बचा लाती है. यह पुरुष सत्ता के प्रति महिला का प्रतिरोध ही तो है. यह प्रतिरोध रोमियो और जूलियट में स्पष्ट रूप से दिखाई पड़ता है. जूलियट अपने पिता के फैसले का मुखर विरोध करती है और गुपचुप रोमियो से शादी कर लेती है और पिता द्वारा निर्धारित शादी के दिन पादरी से प्राप्त अर्क पीकर मृतप्राय हो जाती है. लोग उसे मरा समझकर मकबरे में रख आते हैं.  वहां जब होश में आती है तो पास में रोमियो को मरा देखकर जीवन से ही विद्रोह कर देती है और रोमियो की कटार अपने  सीने में उतार लेती है.

जीवन के प्रति विद्रोह का सबसे सटीक उदहारण हैमलेट नाटक में ओफीलिया की आत्महत्या का प्रकरण है. नाटक में ओफीलिया का जीवन दो ध्रुवों के बीच झूलता रहता है. एक तरफ उसका पिता पोलोनियस है तो दूसरी तरफ उसका प्रेमी हैमलेट. वह दोनों को बहुत प्रेम करती है. लेकिन जब अपने पिता की हत्या के प्रतिशोध के क्रम में हैमलेट पोलोनियास की हत्या कर देता है तो ओफीलिया के पास कोई विकल्प नहीं बचता है. वह विक्षिप्त हो जाती है और लोगों को फूल बांटने लगती है तथा गीत गाते-गाते ही फूल माला लिए  पेड़ की डाल से झरने में गिरकर आत्महत्या कर लेती है. प्रतिरोध का यह रूप और उसकी ऐसी मर्मस्पर्शी परिणति का सर्जक शेक्सपियर जैसा, आज तक शेक्सपियर ही हैं.

शेक्सपियर की त्रासदी-त्रयी हैमलेट, ऑथेलो और मैकबेथ में प्रतिरोध चरम पर होने के बाद भी स्वाभाविक दिखाई पड़ता है. हैमलेट को जब पिता के प्रेत से यह पता चलता है कि उसका चाचा, उसके पिता की हत्या करके राजा बना है और इस साजिश में उसकी मां शामिल है तो वह प्रेत को प्रतिशोध का वचन देता है. हैमलेट के इर्द-गिर्द जो लोग और स्थितियां हैं उस पर उसके चाचा का नियंत्रण है, तो उसके पास पागल का नाटक करके ही अपने लक्ष्य की ओर बढ़ना, एक उपाय बचता है. माँ की हत्या नहीं करने के लिए वह बाध्य है, ऐसे में उसके प्रति घृणा सम्पूर्ण स्त्रीजाति के प्रति व्यापक हो जाती है. इसलिए वह अपनी प्रेयसी ओफिलिया को भी चुभती हुई बातें कहता रहता है. यह उसके आतंरिक प्रतिरोध का प्रतिफल है जिसे ओफिलिया सह नहीं पाती है और वह सचमुच विक्षिप्तता की और बढ़ने लगती है. हैमलेट को सिर्फ पिता की हत्या ही नहीं कष्ट देता है बल्कि यह भी चुभता है कि उसकी मां हत्यारे चाचा के साथ सोती है. इसका खुलासा तब होता है जब वह अपनी माँ के बुलाने पर मिलने जाता है तो कहता है, ‘मां तुम उसके बिस्तर से दूर रहो’.  संघर्ष के दौरान हैमलेट अपना प्यार ओफिलिया को भी खो देता है, फिर उसके पास सब नष्ट कर देने और नष्ट हो जाने के सिवा कोई विकल्प नहीं बचता है. आज भी किसी नवयुवा को यह पता चले कि उसके पिता की हत्या हुई और हत्यारे से उसके माँ के अनैतिक सम्बन्ध हैं, तो वह हैमलेट ही तो बनेगा. वह इस साजिश में शामिल सभी की जान लेना चाहेगा ही, बेशक उसके संघर्ष की परिणति जो हो.

ऑथेलो नाटक में एक प्रतिरोध डेस्दीमोना का है. वह ऑथेलो के साथ घर से भाग कर विवाह कर लेती है. दूसरा प्रतिरोध इयागो का है जिसके इर्द-गिर्द पूरा नाटक घूमता है. इयागो को यह शिकायत होती है कि उसकी योग्यता के हिसाब से ऑथेलो ने उसे प्रोन्नत्ति नहीं देकर कैसियो को दे दी;  उसकी पत्नी से ऑथेलो के शारीरिक सम्बन्ध हैं तथा डेस्दीमोना जैसी सुन्दर लड़की जिसे वह भी पसंद करता है उससे भी हब्सी ऑथेलो ने विवाह कर लिया है. वह सीधे ऑथेलो से लड़ नहीं सकता तो रोडरिगो के साथ मिलकर षडयंत्र रचता है. रोडरिगो भी ऑथेलो के चलते डेस्दीमोना से विवाह से वंचित हो गया है.  वे कैसियो को फंसाते हैं और ऑथेलो के मन में शक पैदा करके उसी के हाथों डेस्दीमोना की हत्या करावा देते हैं जो उसकी प्रियतमा है. अंत में ऑथेलो सत्य से अवगत होता है और अपने अस्तित्व के प्रति विद्रोह कर देता है. वह आत्महत्या कर लेता है.

मैकबेथ नाटक की कथावस्तु और जटिल है. सम्राट डंकन का प्रिय सेनापति डायनों की भविष्यवाणी के झांसे में और पत्नी के बहकावे में आकर सम्राट की हत्या कर देता है. वास्तव में इस घटना के पीछे मैकबेथ की दमित इच्छाओं का प्रतिरोध है. मैकबेथ ने राजा बनाने की इच्छा का दमन किया है, यह इस बात से पता चलता है की जब डायने भविष्यवाणी करती हैं तो वह पूछता है, दो उत्तराधिकारी होने के वावजूद उसका सम्राट बनाना कैसे संभव है? और जब उसकी पत्नी सम्राट की हत्या करने के लिए कहती है तो वह उस समय स्थगित करना चाहता है. डंकन की हत्या के बाद मैकबेथ उन सभी व्यक्तियों को मरवाना चाहता है जो उसके लिए समस्या उत्त्पन्न कर सकते हैं. इस क्रम में वह बैंको की हत्या करवा देता है लेकिन बैंको का बेटा फ्लींस, सरदार मैक्डफ आदि बच निकलते हैं. अंत में वे सभी डंकन के पुत्र और अंग्रेजी सेना प्रमुख सिवार्ड के साथ मिलकर मैकबेथ की हत्या कर देते हैं.  इस नाटक में प्रतिरोध की अनुपम सृष्टि हुई है. कई जगह चरित्रों का आन्तरिक प्रतिरोध कार्य रूप में दिखाया गया है. मैकबेथ को बैंको का भूत दिखाई पड़ना और लेडी मैकबेथ का बार – बार हाथ धोना इसका उदहारण है.

प्रतिरोध की चरम स्थिति साधारणतया प्रतिशोध में परिणत हो जाती है.  शेक्सपियर की त्रासदी-त्रयी में यह स्पष्त रूप से दिखाई पड़ता है. शेक्सपियर के अधिकांश नाटकों को आज भी प्रासंगिक कहा जाता है. हर युग में उन नाटकों की प्रासंगिकता का कारण उसके प्रतिरोधी स्वर ही हैं जो उस युग की अलग-अलग समस्याओं से जुड़कर उन समस्याओं को दर्शकों के सामने प्रभावशाली तरीके से उभारता रहा है. इसलिए     सैकड़ों वर्षों से इस नाटककार के नाटकों को पढ़ा और पढ़ाया तथा मंचित किया जाता रहा है.

सन्दर्भ :

1.     विद्यार्थी, दिवाकर प्रसाद (अनु॰), 1971 (प्र॰सं॰), ऑथेलो, साहित्य अकादमी, नई दिल्ली.

2.     राघव, रांगेय (अनु॰), 1975 (छ॰सं॰), मैकबेथ, राजपाल एण्ड संस, दिल्ली.

3.     तुली, आर॰एल॰ और अशोक ग्रोवर (अनु॰), 2010, हैमलेट, साधना पॉकेट बुक्स, दिल्ली.

4.     मिश्र, विश्वनाथ, 2003 (प्र॰स॰), भारतीय और पाश्चात्य नाट्य सिद्धांत, कुसुम प्रकाशन, मुजफ्फरनगर (उ॰प्र॰).

5.     Griffith, Tom (Gen. Edt.), 2005, William Shakespeare The Great Comedies and Tragedies, Wordsworth Classics of World Literature, Hertfordshire (Great Britain).

6.     Bate, Jonathan, 1997, The Genius of Shakespeare, Picador, Londan.



[1]  “His early years, like those of Jesus Christ, are shrouded in mystery and consequently dressed up myth”.
Jonathan Bate, The Genius of Shakespeare, page : 5
[2]  The Genius of Shakespeare, pg : 15
[3]  संकजन त्रय : नाट्य लेखन के लिए अरस्‍तू द्वारा दिया गया सिद्धांत है जिसमें वे मानते थे कि नाटक में स्‍थान, समय, और कार्य की एकता होनी चाहिए। अर्थात, एक स्‍थान पर एक समय में एक ही कार्य यानि घटना दिखाना चाहिए। देखे, हिंदी आलोचना की पारिभाषिक शब्‍दावली. डॉ. अमरनाथ, पृष्‍ठ : 343

हिंदी रंगमंच में पुनर्जागरण : पारसी रंगमंच और भारतेंदु



यूरोप में पुनर्जागरण या नवजागरण का काल चौदहवीं से सोलहवीं शताब्दी तक के काल खंड में माना जाता है। लेकिन भारत में पुनर्जागरण या नवजागरण की अवधारणा के विषय में अलग-अलग मत हैं − “कुछ लोग मानते हैं कि पहला नवजागरण गौतम बुद्ध के आविर्भाव के साथ आया। बुद्ध ने पुरानी जड़ अवधारणाओं को तोड़कर मनुष्य-मनुष्य के भीतर के भेद को मिटाया जिसका प्रभाव मध्य एशिया तक फैल गया। दूसरा नवजागरण भक्तिकाल में दिखाई पड़ता है। तीसरा नवजागरण अँग्रेजी सभ्यता के संपर्क में आने के बाद, खासतौर पर 1857 के प्रथम स्वाधीनता आंदोलन के बाद शुरू हुआ जिसका केंद्र बंगाल था। ....गुप्तकाल को भी कुछ लोगों ने नवजागरण का युग कहा है। हिन्दी नवजागरण का भी अपना स्वतंत्र अस्तित्व है। जो भारतेन्दु से शुरू हुआ और जिसके अग्रदूत खुद भारतेन्दु थे” ।[1] अब विचारणीय यह हो जाता है कि भारत में पुनर्जागरण की शुरुआत कहाँ से माना जाए। लेकिन हम पुनर्जागरण या नवजागरण शब्द का अर्थ ही यूरोप में हुई सांस्कृतिक-वैज्ञानिक क्रांति के आलोक में ग्रहण करते हैं तो यही उपयुक्त प्रतीत होता है कि भारतीय संदर्भ में नवजागरण, उपरोक्त चारों काल में से उसी काल में माना जाए जो यूरोपीय नवजागरण के ठीक बाद में पड़ता है। इस हिसाब से भारत में पुनर्जागरण की शुरुआत औपनिवेशिक काल में ही मानना ज्यादा उपयुक्त प्रतीत होता है। इस काल में रंगमंच के क्षेत्र में दो बड़ी घटनाएँ हुई पारसी रंगमंच की शुरुआत और हिन्दी रंगमंच का परिष्कार जिसकी शुरुआत भारतेंदु के कार्यों से मानी जाती है।

प्रख्यात संस्कृत रंगमंच के अवसान और इस काल में रंगमंच के क्षेत्र में आए नवजागरण के बीच सूत्र या आधार रूप में नाटकों की लोक परंपरा ही थी। पारसी रंगमंच ने अपनी अन्य विशेषताओं के अतिरिक्त भारतीय नाटकों की लोक परंपरा की विशेषताओं को बहुत बड़े अंशों में ग्रहण किया था। इस रंगमंच की शुरुआत 1852 में बम्बई में परसियों द्वारा एक नाटक मंडली की स्थापना से हुई[2]। इसके बाद अनेकों कंपनियां अस्तित्व में आई। यह रंगमंच लगभग सौ साल तक जीवित रहा।

पारसी रंगमंच लोक नाटकों से कितना प्रभावित था यह उस मंच के नाटकों की रूपसज्जा और संवाद अदायगी के स्वरूप के विषय में जानकार स्पष्ट होता है। लोकनाटकों की वाचिक परंपरा के चलते उसके संवादों में तुकांतता और गीत संगीत का संयोजन होता है तथा अपेक्षाकृत खुले रंगमंच पर प्रदर्शन के कारण रूपसज्जा भड़कीली होती है और संवाद अदायगी ऊँची आवाज में। पारसी रंगमंच ने इन बातों को अंगीकार कर लिया क्योंकि ये बातें उसकी व्यवसायिकता के लिए अनुकूल थी।

व्यवसायिकता के चलते पारसी रंगमंच पर चमत्कार प्रदर्शन का महत्वपूर्ण स्थान था। । इस रंगमंच पर जो चमत्कार प्रदर्शन होता था उसके विषय में कहा गया है, “ पारसी नाट्य मंडलियों ने उपस्थित जन समुदाय को चमत्कृत करने के लिए अनेक दृश्यात्मक प्रभावों का भी प्रयोग किया था, आँधी चलती, अंधकार में बिजली चमकती और उसकी कड़क सुनाई देती, बादल गरजते तारे टूटते, विकराल, भयंकर और नारकीय आकृतियाँ दिखलाई देतीं। किसी के मुँह से आग और किसी के मुँह से साँप निकलते। अंतरिक्ष में इधर-उधर तीर चलते दिखाई देते देवी-देवता आकाश से उतरते। दर्शक इन दृश्यों को देखकर मंत्रमुग्द्ध हो जाते”।[3] यह स्पष्ट उल्लेख मिलता है कि संस्कृत रंगमंच पर बिजली छिटकने जैसी क्रियाओं को भी नट विशेष मुद्राओं के माध्यम से दिखाते थे। पारसी रंगमंच ने भारतीय शास्त्रीय रंग परंपरा से कुछ ग्रहण किया हो इसका स्पष्ट उल्लेख नहीं मिलता है। नाट्यशास्त्र के नियमों पर आधारित संस्कृत रंगमंच पर ऐसे चमत्कार प्रदर्शनों का स्थान नहीं था। लेकिन यह आसानी से कहा जा सकता है कि यह रंगमंच पाश्चात्य रंगमंच, खासकर एलिजाबेथ कालीन रंगमंच और प्राचीन यूनानी रंगमंच से अवश्य प्रभावित था। क्योंकि उन मंचों पर ऐसी घटनाएँ दिखाई जाती थीं। जैसे, एलिजाबेथ कालीन रंगमंच पर जमीन फाड़कर प्रेतों आदि का प्रवेश होता था तो यूनानी रंगमंच पर ड्यू-एक्स-मशीना द्वारा देवताओं को मंच पर उतरा जाता था। पारसी रंगमंच पर भी जमीन फाड़कर दैत्यों का प्रवेश तो आकाश मार्ग से देवताओं का आगमन होता था। पारसी रंगमंच की अभिनय शैली के विषय में स्पष्ट कहा गया है कि “इस पर शेक्सपियरीय अभिनय शैली का प्रभाव मुख्य है”[4]।

पारसी रंगमंच पर पौराणिक धार्मिक और ऐतिहासिक नाटक खेले जाते थे जिनकी कथावस्तु भारतीय धार्मिक कथानकों तथा लौकिक और अप्राकृतिक प्रसंगों, पर आधारित होते थे जिसकी भाषा हिन्दी-उर्दू होती थी। इस विषय में कहा जाता है कि  “ उनकी भाषा का आदर्श था – ‘ न खालिस उर्दू, न ठेठ हिन्दी,  जुबान गोया मिली-जुली हो’। भाषा का यह खिचड़ी स्वरूप किसी प्रकार का गंभीर प्रभाव उत्तपन्न होने ही नहीं देता था”[5]। इस संदर्भ में डॉ॰ लक्ष्मी नारायण लाला का कहना था, “ अन्य भाषाओं की अपेक्षा सबसे अधिक पारसी नाट्य लेखन और उसका रंगमंच प्रदर्शन हिन्दी भाषा में ही हुआ है। इसलिए हिन्दी भाषा, हिन्दी क्षेत्र और हिन्दी संस्कृति के संदर्भ में उसे पारसी हिंदी रंगमंच और नाटक कहना ही अधिक युक्ति संगत है”[6]।

पारसी रंगमंच की उपरोक्त विषताएँ, जिसे सहज ही हिन्दी रंगमंच में पुनर्जागरण का आधार कही जा सकती है, ढँक दी गई, यह कह कर कि उन नाटकों का स्तर अच्छा नहीं था और अभिनय कुरुचिपूर्ण और असंगत होते थे। इस संदर्भ में अधिकांश साहित्यिक श्रोतों से भारतेंदु द्वारा वर्णित, काशी में पारसी नाटक मंडली द्वारा शकुंतला नाटक का मंचन और उसमे दुष्यंत का मटकते हुए ‘पतली कमर बल खाय...’ गाने वाला प्रसंग मिलता है। इसी से प्रभावित होकर भारतेंदु ने नाट्योद्धार का बीरा उठाया। इसके लिए उन्होंने नाट्य लेखन किया, मंचन के लिए मंडली की स्थापना की और अभिनय भी किया। भारतेंदु प्राचीन संस्कृत रंगमंच के नियमों के पक्षधर थे और पारसी नाटकों के विषय में उनकी राय क्या थी यह उनके इस कथन से पता चलता है – “उनकी भाषा में नाटक जैसा कुछ नहीं है; कविता, गीत, नृत्य और संवाद का अर्थ नाटक नहीं हो सकता। कथा निर्माण की चरित्र-चित्रण की, मंच पर पात्रों के आने जाने की एक टेक्निक होती है −  टेक्निक, जिसके नियम स्पष्ट रूप से संस्कृत में दिए गए हैं”[7]। लेकिन भारतेंदु भी बदले हुए समय में संस्कृत रंगमंच के सभी नियमों का पालन करने के पक्षधर नहीं थे। इस संदर्भ में उन्होंने कहा – “अब नाटक में आशी: प्रभृति नाट्यालंकार, कहीं प्रकरी, कहीं विलोभन, कहीं स्फोट, पंच संधि व ऐसे ही अन्य विषयों की कोई आवश्यकता नहीं रही”[8]।

1868 ई॰ से लेकर 1885 ई॰ के बीच भारतेंदु ने लगभग पच्चीस-तीस नाट्य रचनाएँ की। उन्होंने नाट्यशास्त्र और उसके परवर्ती ग्रंथों में वर्णित रूपक-उपरूपक के लगभग सभी भेदों के आधार पर हिन्दी में नाटक और नाटिकाओं की रचना की। नाट्यशास्त्र के बाद के भी नाट्यसिद्धांत संबंधी सभी ग्रंथों की रचना संस्कृत में ही हुई। लंबे अंतराल के बाद भारतेंदु ने 1883 में नाटक अथवा दृष्यकाव्य शीर्षक नाम से हिन्दी में लगभग पचास पृष्ठों का एक लंबा निबंध लिखा[9] जिसमें नाट्य सिद्धांत की विवेचना की गई थी। वह निबंध वस्तुतः संस्कृत नाट्य सिद्धांत की हिन्दी में पुनर्व्यख्या ही थी। भारतेंदु के नक्शे-कदम पर चलते हुए भारतेंदु मंडली के अन्य रचनाकारों ने भी हिन्दी में नाटकों की रचना की। यह उल्लेखनीय है कि भरत के बाद भारतेंदु पहले व्यक्ति थे जो स्वयं, नाट्य-सिद्धांतकार, रचनाकार और प्रयोक्ता भी थे।

यूरोप में जो पुनर्जागरण हुआ उसकी प्रमुख विशेषता थी कला के क्षेत्र में प्राचीन शास्त्रीय सिद्धांतों के आलोक में नवसृजन का आग्रह। इस हिसाब से, भारतेंदु के कार्यों के चलते उन्हें हिन्दी रंगमंच में नवजागरण का अग्रदूत कहना गलत नहीं है। लेकिन पारसी रंगमंच कि जो विशेषता थी उस हिसाब से नवजागरण का वाहक उसे नहीं माना जाना, उचित नहीं हो सकता। भारतीय परिप्रेक्ष्य में नवजारण में, सिर्फ भारतीय शास्त्रीय सिद्धांतों के आलोक में सृजन मान्य हो तो फिर भारतेंदु पर भी एक बार रुककर सोचना होगा क्योंकि उन पर न केवल संस्कृत रंगमंच और लोक तत्व का प्रभाव था बल्कि पारसी रंगमंच का भी प्रभाव था जिसके वे विरोधी थे। जनसमान्य में पारसी नाटक बहुत लोकप्रिय था लेकिन उसकी कमियों के चलते तत्कालीन प्रबुद्ध वर्ग ने पारसी रंगमंच को हेय कहकर नाक-भौंह सिकोड़ा और हिन्दी नाटकों की एक अलग धारा चल पड़ी। आगे चल कर हिन्दी रंगमंच भी पाश्चात्य प्रभाव मुक्त कहाँ रह सका। अगर तब पारसी रंगमंच को परिष्कृत कर के स्थापति किया जाता तो आज हिन्दी रंगमंच का स्वरूप ही दूसरा होता। कम-से-कम हिन्दी रंगमंच आर्थिक दृष्टि से इतना विपन्न तो नहीं होता।

प्रस्तुति

कृष्ण मोहन

शोध छात्र ( एम॰फिल॰)

 प्रदर्शनकारी कला (फिल्म और नाटक) विभाग

म॰ गां॰ अ॰ हिन्दी विश्वविद्यालय, वर्धा, महाराष्ट्र


संदर्भ :



[1]  डॉ॰ अमरनाथ, 2012 (छा॰सं॰), हिन्दी आलोचना की पारिभाषिक शब्दावली, राजकमल प्रकाशन, नई दिल्ली, पृष्ठ : 2015
[2]  मिश्र, (डॉ॰) विश्वनाथ, 2003 (प्र॰सं॰), भारतीय और पाश्चात्य नाट्य सिद्धांत, कुसुम प्रकाशन, मुजफ्फर नगर (उ॰प॰), पृष्ठ : 287
[3]  वही, पृष्ठ : 288 
[4]  चातक, (डॉ॰) गोविंद, 1998, रंगमंच : कला और दृष्टि, तक्षशिला प्रकाशन, नई दिल्ली, पृष्ठ : 188 
[5]  भारतीय और पाश्चात्य नाट्य सिद्धांत, पृष्ठ : 288
[6]  रंगमंच कला और दृष्टि, पृष्ठ : 188
[7]  भारतीय और पाश्चात्य नाट्य सिद्धांत, पृष्ठ : 289
[8]  वही
[9]  अंकुर, देवेंद्र राज, 2008 (प॰सं॰), रंगमंच के सिद्धांत, राजकमल प्रकाशन, नई दिल्ली, पृष्ठ : 281

शनिवार, 7 मई 2016

अंतर अनुशासनिक अध्ययन का तात्पर्य और अवधारणा

अंतर अनुशासनिक अध्ययन का तात्पर्य वैसे अध्ययन से है जिसमें विद्या के एक से अधिक शाखाओं का पारस्परिक प्रभाव और सम्बद्ध विद्या शाखा के नियमों एवं सिद्धान्त के आधार पर इस प्रभाव की पहचान की जाती है।  इसे समझने के लिए साहित्य और प्रदर्शनकारी कला ज्यादा उपयुक्त होते हैं जिसमें सभी विषयों और कलाओं का समाहार हो जाता है। इसलिए स्वाभाविक है की इन विषयों का अध्ययन इनके मूल सिद्धांतों के अतिरिक्त अन्य विषयों के कोणों से करना अपेक्षित हो जाता है।
अंतर अनुशासनिक अध्ययन अंग्रेजी भाषा के ‘इंटरडिसिप्लिनरी स्टडि’ का हिन्दी पर्याय है। विद्वानों ने ‘डिसिप्लिन’ शब्द का सटीक हिन्दी पर्याय ‘विद्या’ शब्द होने के चलते ‘इंटरडिसिप्लिनरी स्टडि’ का हिन्दी पर्याय ‘अंतरविद्यावर्ती अध्ययन’ माना है। डॉ॰ फादर कामिल बुल्के ने  भी अपने अंग्रेजी-हिन्दी शब्दकोश में ‘डिसिप्लिन’ के लिए ‘विद्या’ शब्द ही दिया है।[1] लेकिन अंतर अनुशासनिक अध्ययन ही ‘इंटरडिसिप्लिनरी स्टडि’ का हिन्दी पर्याय रूप में चल पड़ा।
अंतर अनुशासनिक अध्ययन के संदर्भ में ‘क्लीन और नेवेल’ नामक विद्वान का कहना है, “अंतर अनुशासनिक अध्ययन प्रश्नो के उत्तर देने की प्रक्रिया है, समस्या समाधान की एक प्रणाली या बहुत विस्तृत या जटिल विषय को संबोधित करने की शैली है जो एक अनुशासन के द्वारा पूर्ण रूप में संबोधित नहीं हो पाते तथा साथ ही यह अनुशासनों से प्राप्त परिप्रेक्ष्यों और अंतर्दृष्टियों को समन्वित कर व्यापक परिप्रेक्ष्य की रचना करता है ”
विलियम नेवेल का कहना है, “अंतर अनुशासनिक अध्ययन दो भागों की वैसी प्रक्रिया है जिसमें पहला, बहुत क्षीण रूप में दूसरे अनुशासनों से अंतर्दृष्टि प्राप्त किया जाता है और दूसरा किसी जटिल प्रघटना की वृहद समझ के लिए उपस्थित अनुशासनों की अंतर्दृष्टियों का समन्वय किया जाता है”।   
‘वेरोनिका बोइक्स मेनसीला’ जर्नल में कहा गया है, “अंतर अनुशासनिक अध्ययन ज्ञान को समन्वित करने और सोचने की वैसी पद्धति है जिन्हें दो या दो से अधिक अनुशासनों से प्राप्त किए गए हों, जिनका उद्येश्य होता है संज्ञानात्मक प्रगति को प्राप्त करना। उदाहरण के लिए किसी घटना का वर्णन, समस्या का समाधान, किसी वस्तु का निर्माण या नए प्रश्नो को उठाना जिसे किसी एक विषय के माध्यम से नहीं प्राप्त किया जा सकता है ”।
‘द नेशनल एकैडमी ऑफ साइन्स, इंजीन्यरिंग एण्ड मेडिसीन’ से प्रकाशित रिसर्च जर्नल में कहा गया है, “ अंतर अनुशासनिक शोध, किसी शोध दल या व्यक्तिगत स्तर पर किए जानेवाले शोध की वह पद्धति है जिसमें दो या दो से अधिक अनुशासनों या किसी विशेष ज्ञान के भागों या अंशों के आधारभूत समझ को विकसित करने के लिए या समस्याओं के समाधान के लिए जिनका समाधान किसी एक अनुशासन के शोध अभ्यास से परे है, से संबन्धित सूचनाओं, आकड़ों, तकनीकों, उपकरणों, परिप्रेक्ष्यों, अवधारणाओं को समन्वित किया जाता है ”।
टी॰ क्लेविन लिबरल आर्ट इन्स्टीट्यूशन द्वारा प्रकाशित जर्नल के अनुसार, अंतर अनुशासनिक अध्ययन पाठ्यक्रम को तैयार करने और प्रशिक्षण की एक ऐसी विधि है जिसके तहत फैकल्टी व्यक्तिगत या दल के रूप में विद्यार्थियों की क्षमता को विकसित करने, मुद्दों की समझ व्यापक करने, समस्याओं के समाधान हेतु नए उपागमों के निर्माण तथा समस्या समाधान की दिशा में जो एक अनुशासन या प्रशिक्षण क्षेत्र से बाहर हो, के लिए दो या अधिक अनुशासनों की सूचनाओं, आंकड़ों, तकनीकों, उपकरणों, सिद्धांतों की पहचान व मूल्यांकन करती है। 
उपरोक्त परिभाषाओं को समन्वित करके अंतर अनुशासनिक अध्ययन की एक समग्र परिभाषा बन सकती है, “अंतर अनुशासनिक अध्ययन वैसे प्रश्नों के उत्तर देने की प्रक्रिया, जटिल विषयों को समझने की पद्धति, समस्या समाधान की पद्धति है जिसका समाधान एक से अधिक अनुशासन की समझ से संभव होता है तथा एक से अधिक अनुशासनों पर निर्भर रहकर भी उनके अंतर्दृष्टियों का समन्वय इस लक्ष्य को ध्यान में रखकर किया जाए कि वृहत समझ की प्ररचना हो सके ”।
सामान्य ढंग से अनुशासन और अंतर अनुशासन अध्ययन में विभेद करने पर हम पाते हैं कि एक अनुशासन में किसी निश्चित विषय के ज्ञान का भाग प्राप्त होता है जबकि अंतर अनुशासनिक अध्ययन में विभिन्न विषयों के समन्वय से ज्ञान की निर्मिति होती है।
किसी खास अनुशसन के अध्ययन में ज्ञान प्राप्त करने की निश्चित विधि होती है जो उस अनुशासन के क्षेत्र में ही ज्ञान अवधारणाएँ और सिद्धान्त सृजन की ओर अग्रसर होती है जबकि अंतर अनुशासनिक अध्ययन में ज्ञान प्राप्त करने की कई अनुशासनिक विधियाँ होती है जिससे नए बोधात्मक, संज्ञानात्मक प्रगति और विस्तृत समझ का विकास होता है।
किसी एक अनुशासन में मान्यता प्राप्त पाठ्यक्रम द्वारा उस अनुशासन के विद्वानो का समुदाय ज्ञान के क्षेत्र को नियंत्रित करने की इच्छा रखते हैं जबकि अंतर अनुशासनिक अध्ययन में ज्ञान के नए आयामों के विकास के चलते पाठ्यक्रम में परिवर्तन की संभावना बनी रहती है और खास विद्वत समुदाय का वर्चस्व भी नही होता है।
किसी एक अनुशासन के अध्ययन की अपेक्षा अंतर अनुशासनिक अध्ययन द्वारा ज्ञान के क्षेत्र में रूढ़ियों और पूर्वाग्रहों के निवारण की संभावना बहुत अधिक होती है।      
अंतर अनुशासनिक अध्ययन आधुनिक युग की आवश्यकता है इसका कारण यह है कि ज्ञान अखंड भले ही हो, लेकिन उसकी प्राप्ति और प्रतीति के मार्ग अलग-अलग होते हैं। ये मार्ग ही विभिन्न विद्याओं के रूप में जाने जाते हैं। प्राचीन काल में ज्ञान को ब्रह्म के समान समग्र एवं अखंड माना जाता था और उसका स्वरूप संश्लिष्ट था। वेद इसका प्रमाण हैं। ज्ञान का विभाजन दर्शन, विज्ञान आदि संकायों में नहीं किया जाता था। कौटिल्य के ‘अर्थशास्त्र’ में राजनीतिक और सामाजिक पहलुओं का ज्ञान एक साथ ही मिलता है। गैलीलियो से पहले दर्शन और विज्ञान को एक ही समझा जाता था। तब दर्शन को मीमांसा दर्शन और विज्ञान को व्यावहारिक दर्शनों के नाम से जाना जाता था। प्लेटो के ‘रिपब्लिक’ में भी ज्ञान अखंड रूप में ही विद्यमान है। इसके पश्चात विभाजन का युग आया और ज्ञान का रूप विश्लिष्ट यानि अलग-अलग होने लगा। बाद के दिनों में ज्ञान की अनेकों शाखाएँ विकसित हो गई। लेकिन ज्ञान की ये शाखाएँ स्वतंत्र होते हुए भी दूसरे से पूर्णतः निरपेक्ष नही हैं क्योकि विद्या की प्रत्येक शाखा जीवन को समझने का ही मार्ग प्रदान करती हैं इसलिए उनका प्रभाव एक दूसरे पर पड़ता ही है। उत्तर आधुनिक युग में विद्वानों ने महसूस किया की ज्ञान का शुद्ध स्वरूप तभी स्थिर हो सकता है जब उसकी एक से अधिक शाखाओं के बीच के अंतर सम्बन्धों का अध्ययन किया जाये। इसलिए वर्तमान समय में अंतर आधुनिक अध्ययन का जो स्वरूप विकसित हुआ है वह तीन-चार दशक ही पुराना है लेकिन इसकी लोकप्रियता और उपयोगिता इसके नए-नए आयाम विकसित कराते जा रहे हैं। शुद्ध विज्ञान का आधार पूर्णतः बौद्धिक होता है इसलिए उसमें कम लेकिन मानविकी विषयों में अंतर अनुशासनिक अध्ययन की अधिक आवश्यकता होती है। अनुपर्युक्त विज्ञान की शाखाओं में भी अंतर अनुशासनिक अध्ययन की अधिक उपयोगिता होती है।
अंतर आधुनिक अध्ययन के लाभ की स्पष्टता के लिए हम विज्ञान के क्षेत्र से एक उदाहरण चुनते हैं – रेडियो कार्बन का आविष्कार और पुरातत्व अध्ययन ज्ञान की बिलकुल अलग-अलग शाखाओं से संबन्धित हैं लेकिन अंतर अनुशासनिक अध्ययन के आधार पर ही केमिस्ट ‘विलार्ड लिब्बी’ ने ‘रेडियो कार्बन डेटिंग’ पद्धति की खोज की जिसकी सहायता से आज किसी भी पुरातत्व अवशेष की उम्र का अनुमान लगाया जा सकता है। इस कार्य के लिए  ‘विलार्ड लिब्बी’ को 1960 में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
अंतर आधुनिक अध्ययन के संदर्भ में विद्वान ‘यंग ब्लड’ का कहना है कि “अंतर अनुशासनिक तकनीक की नींव भविष्य में खोज और शोध का नेतृत्व करेंगे”। वर्तमान समय में अंतर अनुशासनिक अध्ययन की उपलब्धियों को देखकर यह बात सत्य ही प्रतीत होती है। प्रदर्शनकारी कलाओं के संदर्भ में विचार करें तो यह स्पष्ट होता है कि अंतर अनुशासनिक अध्ययन रचना की परिपूर्णता और ओजस्वी होने की संभावना को कई गुना बढ़ा देता है। ऐसा नहीं है कि इस अध्ययन पद्धति की खामियां नहीं है। सबसे बड़ी खामी है, अंतर अनुशासनिक अध्ययन को बढ़ावा मिलने से किसी भी अनुशासन की मूल सिद्धांतों का विकास बाधित होता है। लेकिन हानि की अपेक्षा लाभ अधिक होने से यह कहना कतई अतिशयोक्ति नहीं होगी कि ज्ञानार्जन के क्षेत्र में भविष्य अंतर अनुशासनिक अध्ययन का ही है।

 संदर्भ :
1. वर्मा, (डॉ॰) हरिश्चंद्र, 2006 ई॰, शोध प्रविधि, हरियाणा साहित्य अकादमी, पंचकूला – 134113
2.     सिंघल, बैजनाथ, 2008 ई॰, शोध, वाणी प्रकाशन, नई दिल्ली – 110002
3.     गाणेशन, एस॰एन॰, 2009 ई॰, अनुसंधान प्रविधि सिद्धान्त और प्रक्रिया, लोक भारती प्रकाशन, इलाहाबाद - 1    



[1] शोध प्रविधि, पृष्ठ-88